Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

चुनाव लूट लिया तो इस्तीफा क्यों? ममता के समर्थन में उतरे अखिलेश, बीजेपी और आयोग पर उठाए सवाल

बंगाल चुनाव परिणाम के बाद बढ़ी सियासी हलचल, सपा प्रमुख बोले - लोकतंत्र खत्म नहीं हुआ, 2027 में बड़ी जीत होगी।
Bureau
Bureau News Desk
06 May 2026
05:22 PM
1 min read
चुनाव लूट लिया तो इस्तीफा क्यों? ममता के समर्थन में उतरे अखिलेश, बीजेपी और आयोग पर उठाए सवाल
हाइलाइट्स
बंगाल चुनाव परिणाम के बाद बढ़ी सियासी हलचल, सपा प्रमुख बोले - लोकतंत्र खत्म नहीं हुआ, 2027 में बड़ी जीत होगी।

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा इस्तीफा देने से इनकार किए जाने पर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल जहां इस फैसले को लेकर लगातार हमलावर हैं, वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी का खुलकर समर्थन किया है। अखिलेश यादव ने बीजेपी पर चुनाव “लूटने” का आरोप लगाते हुए कहा कि जब चुनाव ही निष्पक्ष नहीं हुआ तो इस्तीफे की मांग का कोई औचित्य नहीं है।

 

सपा प्रमुख ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जब चुनाव ही लुट गया तो इस्तीफा की क्या बात?” उन्होंने यह भी बताया कि वह शुक्रवार, 7 मई को पश्चिम बंगाल जाएंगे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे।

 

अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि वह अकेले बड़ी राजनीतिक लड़ाई लड़ रही थीं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतगणना प्रक्रिया का लाइव सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनावी अनुभव से सीख लेकर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए नई रणनीति तैयार करेगी।

 

उन्होंने कहा, “लोकतंत्र अभी खत्म नहीं हुआ है। उसे जिंदा रखना है। जनता और कार्यकर्ता मिलकर लड़ेंगे। 2027 में बड़ी जीत होगी।” अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि जिस तरह 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी थी, उसी तरह 2027 में भी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी।

 

महिला मुख्यमंत्री के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को महिला अधिकारों पर आत्ममंथन करना चाहिए। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी आरक्षण और वोट दोनों “लूट” रही है।

 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी अखिलेश यादव ने आत्मविश्वास जताया। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह कई ऋषि-मुनियों और ज्योतिषियों से मिले हैं और “पंडित जी जो कहेंगे वही करेंगे।” इसके बाद उन्होंने दावा दोहराया कि 2027 में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी।

Explore Related Topics

अखिलेश यादव ममता बनर्जी बंगाल बीजेपी समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News