Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह, न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने हड़ताल से बचने की दी सलाह

बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में बोले प्रशासनिक जज, जूनियर अधिवक्ताओं को अध्ययन और प्रशिक्षण पर दिया जोर।
Bureau
Bureau News Desk
28 May 2026
05:15 PM
1 min read
बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह, न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने हड़ताल से बचने की दी सलाह
हाइलाइट्स
बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में बोले प्रशासनिक जज, जूनियर अधिवक्ताओं को अध्ययन और प्रशिक्षण पर दिया जोर।

 

प्रयागराज हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के न्यायमूर्ति एवं बाराबंकी के प्रशासनिक जज सुभाष विद्यार्थी ने कहा कि न्याय व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बार और बेंच न्याय व्यवस्था के दो पहिए हैं और दोनों के सामंजस्य से ही प्रभावी न्याय संभव है।

 

जिला बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने एडवोकेट एक्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं को न्यायिक व्यवस्था से विरत नहीं होना चाहिए। वकीलों की हड़ताल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब तक अत्यंत आवश्यक न हो, तब तक हड़ताल से बचना चाहिए।

 

उन्होंने जूनियर अधिवक्ताओं को अधिक अध्ययन करने, स्मार्ट फोन और तकनीक का उपयोग करने तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं के चैंबर में नियमित रूप से समय देने की सलाह दी। साथ ही बार एसोसिएशन में जूनियर अधिवक्ताओं के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने का सुझाव भी रखा। न्यायमूर्ति विद्यार्थी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह बार एसोसिएशन की राजनीति और चुनाव प्रक्रिया से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में वह स्वयं बार चुनाव जीत चुके हैं और चुनाव कराने का अनुभव भी रखते हैं।

 

कार्यक्रम में जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को “नो स्ट्राइक बार जोन” बनाकर उदाहरण प्रस्तुत करने की सलाह दी। साथ ही लंबे समय से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में अधिवक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा जताई।

 

जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमन द्विवेदी ने कहा कि उनकी कार्यकारिणी न्यायिक कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं, वादकारियों और न्यायिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

 

समारोह में मोटर दुर्घटना न्यायालय की जज अल्पना सक्सेना, वरिष्ठ अपर जिला जज विनय कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधा सिंह समेत अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी सहभागिता की। जिला अधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।

 

इस दौरान एल्डर कमेटी के चेयरमैन जेड ए अंसारी, पूर्व अध्यक्ष एमके सिंह, जगत बहादुर सिंह, बीके दीक्षित, बब्बन सिंह, एमपी सिंह, रघुराज वर्मा, योगेंद्र वर्मा, शंकर दयाल शर्मा, कौशल किशोर त्रिपाठी, सीबी सिंह और राजेश प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे। सिरौली गौसपुर तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष काशी प्रसाद द्विवेदी तथा हैदरगढ़ तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम अचल मिश्रा भी समारोह में शामिल हुए।

 

कार्यक्रम के अंत में न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमन द्विवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव सहित 21 सदस्यीय कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

Explore Related Topics

बाराबंकी जिला बार एसोसिएशन न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News