Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर CM योगी ने बदली DP, ब्रह्मोस मिसाइल की तस्वीर से दिया बड़ा संदेश

सेना के शौर्य को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने बदली सोशल मीडिया प्रोफाइल, ब्रह्मोस मिसाइल की तस्वीर बनी चर्चा का केंद्र।
Bureau
Bureau News Desk
07 May 2026
03:30 PM
1 min read
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर CM योगी ने बदली DP, ब्रह्मोस मिसाइल की तस्वीर से दिया बड़ा संदेश
हाइलाइट्स
सेना के शौर्य को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने बदली सोशल मीडिया प्रोफाइल, ब्रह्मोस मिसाइल की तस्वीर बनी चर्चा का केंद्र।

 

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर और कवर फोटो बदलकर एक बड़ा प्रतीकात्मक संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने अपनी डीपी में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी तस्वीर लगाई, जबकि कवर फोटो में भारत की सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ‘ब्रह्मोस’ को प्रमुखता से स्थान दिया। मुख्यमंत्री के इस डिजिटल संदेश को आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति और भारतीय सेना के शौर्य के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

7 मई 2025 की वह रात भारतीय सैन्य इतिहास में एक अहम अध्याय के रूप में दर्ज है, जब भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त अभियान चलाते हुए पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। उस समय भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तस्वीर साझा करते हुए जस्टिस इस सर्वड संदेश जारी किया था। इस अभियान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के खिलाफ उसकी निर्णायक नीति को प्रमुखता से सामने रखा था।

 

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीर बदलकर भारतीय सेना के साहस और पराक्रम को श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में समर्थक और आम नागरिक भी अभियान से जुड़े प्रतीकों और तस्वीरों को साझा करते दिखाई दिए।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कवर फोटो में दिखाई गई ब्रह्मोस मिसाइल ने विशेष रूप से राजनीतिक और रणनीतिक हलकों का ध्यान आकर्षित किया। ब्रह्मोस को भारत की सबसे आधुनिक और ताकतवर सुपरसोनिक मिसाइलों में गिना जाता है। इसे भारत की आक्रामक रक्षा रणनीति और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

 

ब्रह्मोस मिसाइल का उत्तर प्रदेश से भी विशेष संबंध है। इसका उत्पादन अब लखनऊ में स्थापित इकाई में किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत राज्य रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार लगातार यह संदेश देती रही है कि उत्तर प्रदेश कृषि और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ रक्षा निर्माण और आत्मनिर्भर भारत अभियान का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न सार्वजनिक मंचों से भारत की सैन्य ताकत और ब्रह्मोस मिसाइल का उल्लेख करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि, ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत के उस संकल्प की घोषणा थी कि आतंक का जवाब अब कूटनीति की मेज़ पर नहीं, बल्कि दुश्मन के दरवाज़े पर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान को केंद्र सरकार की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के संदर्भ में देखा गया।

 

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर बदली गई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डीपी और कवर फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसे लेकर व्यापक चर्चा जारी है।

Explore Related Topics

ऑपरेशन सिंदूर योगी आदित्यनाथ ब्रह्मोस मिसाइल ऑपरेशन सिंदूर वर्षगांठ पीएम मोदी

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News