Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

एक महीने पहले हुई थी शादी, मायके लौट रही बहन की हत्या कर भाई ने खुद किया सरेंडर

ससुराल से लौटते समय रास्ते में वारदात का आरोप, 40 फीट गहरे कुएं से बरामद हुआ शव; पुलिस जांच में जुटी।
Bureau
Bureau News Desk
14 Jun 2026
01:18 PM
1 min read
एक महीने पहले हुई थी शादी, मायके लौट रही बहन की हत्या कर भाई ने खुद किया सरेंडर
हाइलाइट्स
ससुराल से लौटते समय रास्ते में वारदात का आरोप, 40 फीट गहरे कुएं से बरामद हुआ शव; पुलिस जांच में जुटी।

 

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़े भाई ने अपनी 19 वर्षीय बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को करीब 40 फीट गहरे पानी भरे कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपित पूरी रात जंगल में भटकता रहा और शनिवार सुबह हसवा पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

 

शनिवार सुबह करीब 11 बजे हसवा पुलिस चौकी पहुंचे युवक ने अपनी बहन की हत्या करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस दिवंगत युवती के परिजनों को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची। गांव के किनारे स्थित करीब 40 फीट गहरे पानी भरे कुएं से युवती का शव बाहर निकाला गया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपित बड़े भाई के खिलाफ हत्या और शव को छिपाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

 

थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बे के बहापर मोहल्ले निवासी किसान शिवसिंह यादव ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री मंजू उर्फ रंजू यादव का विवाह एक मई 2026 को गाजीपुर थाना क्षेत्र के सोनही बड़नपुर गांव निवासी अजय उर्फ पिंटू यादव के साथ किया था। परिजनों के अनुसार, 10 जून को युवती का बड़ा भाई संदीप यादव अपनी बहन को विदा कराने ससुराल गया था। वहां दो दिन रुकने के बाद शुक्रवार शाम वह बहन को लेकर घर लौट रहा था।

 

बताया गया कि दोनों बिलंदा क्षेत्र में टेंपो से उतरने के बाद नहर पटरी के रास्ते घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के किनारे स्थित जंगल के पास युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को कुएं में फेंक दिया गया। वारदात के बाद आरोपित पूरी रात जंगल में घूमता रहा। अगले दिन सुबह उसने पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

 

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जांच में सामने आया है कि युवती के एक गैर समुदाय के युवक से संबंध थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपित भाई को आशंका थी कि उसकी बहन ससुराल छोड़कर उस युवक के साथ जा सकती है। इसी आशंका के चलते उसने कथित तौर पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित संदीप यादव ने बताया कि उसकी बहन अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद कर रही थी और ससुराल वापस नहीं जाना चाहती थी। उसे आशंका थी कि घर पहुंचने के बाद वह युवक के साथ चली जाएगी। इसी संदेह के चलते उसने कथित तौर पर बहन की हत्या कर दी। आरोपित ने यह भी बताया कि शादी से पहले से ही युवती मोबाइल फोन पर बातचीत करती थी, लेकिन इस संबंध की जानकारी उसे शादी के बाद हुई।

 

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ ग्रामीणों के बीच यह चर्चा रही कि युवती मायके पहुंचने के बाद अपने प्रेमी से मिलने जा रही थी, जिसके बाद उसका पीछा कर हत्या की गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस तरह की चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है और केवल जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।

 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ले में रहने वाले अफसान कुरैशी के घर पर भी छापेमारी की। हालांकि वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ की है। इस संबंध में क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने किसी भी अपुष्ट जानकारी की पुष्टि करने से इनकार किया है।

 

घटना के बाद मृतका की मां, दो बहनों और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। करीब एक महीने पहले ही युवती की शादी हुई थी और परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

Explore Related Topics

फतेहपुर हत्या उत्तर प्रदेश

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →