Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

लखीमपुर से लापता युवती का लखनऊ के होटल में मिला शव, बैग में मिले नए कपड़े और मोबाइल

तीन दिन पहले दर्ज हुआ था अपहरण का मुकदमा, होटल के कमरे में फंदे से लटकी मिली एमए की छात्रा।
Bureau
Bureau News Desk
28 May 2026
03:49 PM
1 min read
लखीमपुर से लापता युवती का लखनऊ के होटल में मिला शव, बैग में मिले नए कपड़े और मोबाइल
हाइलाइट्स
तीन दिन पहले दर्ज हुआ था अपहरण का मुकदमा, होटल के कमरे में फंदे से लटकी मिली एमए की छात्रा।

 

लखीमपुर खीरी से तीन दिन पहले लापता हुई युवती का शव गुरुवार को लखनऊ के नाका इलाके स्थित एक होटल के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान महेवागंज निवासी 22 वर्षीय गुंजन मिश्रा के रूप में हुई है। युवती के अपहरण का मुकदमा पहले से खीरी सदर कोतवाली में दर्ज था। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, गुंजन मिश्रा 25 मई से नाका स्थित होटल मिलन के कमरा नंबर-23 में अकेले ठहरी हुई थी। गुरुवार को काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद शाम करीब सात बजे डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने पर नाका हिंडोला पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। होटल स्टाफ की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया तो युवती दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर नाका हिंडोला ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतका एमए संस्कृत द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिवार के लोगों ने बताया कि 25 मई को रात में घर पर सभी लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान गुंजन पानी लेने के लिए नीचे गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिवार के लोग नीचे पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला मिला।

 

परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसी दिन सदर कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया। परिवार के मुताबिक, बाद में सीसीटीवी फुटेज में गुंजन अकेले घर से बाहर जाती दिखाई दी थी। मृतका के भाई संदीप सिंह ने बताया कि 27 मई की रात करीब नौ बजे लखनऊ के नाका थाने से फोन आया, जिसमें बहन का शव मिलने की जानकारी दी गई।

 

परिवार के लोगों का कहना है कि गुंजन घर से न तो कोई पैसा लेकर निकली थी और न ही मोबाइल फोन। उसने स्कूटी खरीदने के लिए करीब 35 हजार रुपये बचाकर रखे थे, जो घर में ही मिले। वहीं लखनऊ के होटल कमरे से बरामद बैग में तीन-चार जोड़ी नए कपड़े, एक मोबाइल फोन और कुछ नकदी मिली है।

 

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती लखीमपुर से लखनऊ कैसे पहुंची, होटल में कब और किन परिस्थितियों में रुकी, तथा उसके पास मोबाइल और नए कपड़े कहां से आए। मामले में होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही हैं।

Explore Related Topics

लखीमपुर युवती शव लखनऊ होटल मिलन

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News