Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

लखनऊ में क्रिप्टो की चकाचौंध में 2.06 करोड़ की ठगी

News Desk
News Desk News Desk
19 Jun 2025
04:17 AM
1 min read
लखनऊ में क्रिप्टो की चकाचौंध में 2.06 करोड़ की ठगी


>डिजिटल निवेश की दुनिया में ठगी का नया मामला सामने आया है। लखनऊ के एक प्रॉपर्टी डीलर और उनके साझेदार से क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर ₹2.06 करोड़ की धोखाधड़ी की गई। ठग ने न केवल ऑनलाइन निवेश बल्कि नकद में भी बड़ी रकम ऐंठ ली। मामले में पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


>अवध शिल्प विहार सरयू एन्क्लेव निवासी प्रॉपर्टी डीलर विजय बहादुर यादव के अनुसार, जनवरी 2023 में उन्हें एक वॉट्सऐप नंबर से ‘बिग विजन सर्विस’ नाम की कंपनी का इन्वेस्टमेंट ब्राउज़र लिंक और योजना भेजी गई। खुद को अंगद चौहान बताने वाले शख्स ने दावा किया कि यह कंपनी लखनऊ में स्थित है और क्रिप्टो करेंसी और एनएफटी (NFT) में निवेश कर शानदार मुनाफा देती है।


>विजय यादव और उनके साझेदार विनय कुशवाहा को बताया गया कि कंपनी खुद की “G Space Coin” नामक क्रिप्टो करेंसी लॉन्च कर रही है, जिसे दो वर्षों में भारी मुनाफे के साथ निकाला जा सकता है। इस योजना में विश्वास कर दोनों ने जनवरी 2023 से दिसंबर 2024 के बीच क्रमश: ₹83.61 लाख और ₹1.20 करोड़ निवेश कर दिए।


>पीड़ितों ने बताया कि अंगद ने ऑनलाइन लेनदेन के अलावा नकद में भी ₹27 लाख की मांग की, जिसे 22 जुलाई 2024 को दिया गया। हालांकि बाद में केवल ₹25.24 लाख ही लौटाए गए। जब शेष रकम की मांग की गई, तो अंगद ने फोन उठाना बंद कर दिया और कंपनी की टीम ने सर्वर समस्या का बहाना बनाकर बात टालनी शुरू कर दी। धीरे-धीरे एप्लिकेशन भी ब्लॉक कर दी गई।


>शिकायत मिलने पर साइबर थाना प्रभारी ब्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि संतकबीर नगर के बरई पार बधौली निवासी अंगद चौहान के खिलाफ धारा 420 सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ऐप, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News