आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को लोहिया भवन में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मुहर्रम के दौरान नियमित बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अम्बेडकरनगर में सभी त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में संपन्न होते हैं, लेकिन अफवाहों पर विशेष निगरानी रखने और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने नगर पालिका अधिकारियों को साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग और नगर निकायों को समन्वय स्थापित कर जुलूस मार्गों की खराब सड़कों की मरम्मत कराने के लिए कहा गया, ताकि ताजिया और जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि मुहर्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वहीं उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।
पीस कमेटी की बैठक में एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें