उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लगातार सामने आ रही बिजली समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेरठ रोड स्थित फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सभागार में आयोजित बैठक में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब लाइनों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के तीनों सबडिवीजनों को डबल करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही पुराने और जर्जर तारों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की फेजिंग सुधारने, ओवरलोडिंग की समस्या खत्म करने और जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
बैठक में व्यापारियों और उद्यमियों ने भी बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। उन्होंने लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब लाइनों के कारण होने वाली परेशानियों की जानकारी दी। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने आगामी छह महीनों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा, ताकि शहर की बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार समस्याओं की सूची बनाकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।
बैठक के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी क्षेत्र का जेई लोगों के फोन नहीं उठाता है, तो उसके खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता और उद्योगों को बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें