पालम अग्निकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे यूपी के मंत्री नरेंद्र कश्यप - बोले सीएम से करेंगे बात, पीड़ितों को मिलेगी मदद

दिल्ली के पालम अग्निकांड के बाद यूपी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की और सहायता व जांच का आश्वासन दिया।

दिल्ली के पालम क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने घटनास्थल का दौरा किया। हादसे में नौ लोगों की मौत के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर घटना के कारणों, राहत एवं बचाव कार्यों और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली।

 

पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है। घायलों के बेहतर उपचार के लिए अस्पतालों में आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

मंत्री कश्यप ने कहा कि वे इस मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। साथ ही, दोनों राज्यों के स्तर पर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और पुनर्वास दिलाने के लिए पत्र भी लिखेंगे।

 

उन्होंने यह भी कहा कि यदि पीड़ितों का संबंध उत्तर प्रदेश से है तो उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

 

घटना को गंभीर बताते हुए मंत्री ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की और कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत और सहायता कार्य जारी हैं और मामले की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।


 

टैग्स :  पालम अग्निकांड, दिल्ली, आग हादसा, नरेंद्र कश्यप

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें