उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार को एकतरफा प्रेम का मामला उस समय सनसनीखेज मोड़ ले गया, जब एक 19 वर्षीय युवक करीब 500 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, देवा कोतवाली क्षेत्र के मित्तई गांव निवासी नितिन रावत (उम्र करीब उन्नीस वर्ष) दोपहर करीब 12 बजे शहर की आवास विकास कॉलोनी स्थित बीएसएनएल के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि वह दूसरे गांव की एक लड़की से शादी करना चाहता है और जब तक उसे मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी रामजतन यादव और क्षेत्राधिकारी संगम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एहतियात के तौर पर टावर के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचाव किया जा सके। इस दौरान नीचे मौजूद भीड़ भी युवक से लगातार नीचे उतरने की अपील करती रही।
करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने रणनीति में बदलाव किया। संबंधित किशोरी से फोन पर कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए युवक की बात कराई गई। पहली बार बातचीत के दौरान किशोरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए फोन काट दिया। बाद में पुलिस की समझाइश पर दोबारा बातचीत कराई गई।
दूसरी बार बातचीत में किशोरी ने शादी के लिए सहमति जताई, जिसके बाद युवक शांत हुआ और करीब 3:30 बजे टावर से नीचे उतर आया।
नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में उसका ब्लड प्रेशर असंतुलित और शुगर स्तर बढ़ा हुआ पाया गया, जिसके चलते उसे भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें