Sunday, 12 July 2026 | Lucknow | 29°C

लखनऊ में सफाई के दौरान दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

माल थाना क्षेत्र के नवीनपनाह गांव में हुआ हादसा, एक मजदूर को बचाने उतरा दूसरा भी नहीं लौट सका।
Bureau
Bureau News Desk
08 May 2026
07:30 PM
1 min read
लखनऊ में सफाई के दौरान दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
हाइलाइट्स
माल थाना क्षेत्र के नवीनपनाह गांव में हुआ हादसा, एक मजदूर को बचाने उतरा दूसरा भी नहीं लौट सका।

 

राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि जहरीली गैस और दम घुटने के कारण दोनों मजदूरों की जान गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित माल थाना क्षेत्र के नवीनपनाह गांव में यह हादसा उस समय हुआ, जब गांव निवासी मयंक सिंह के यहां बने नए सेप्टिक टैंक की सफाई का काम चल रहा था। गांव के ही रिंकू (35) और राजेश (33) सफाई कार्य में लगे हुए थे। बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे रिंकू सबसे पहले टैंक के अंदर सफाई के लिए उतरा था।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 20 मिनट तक टैंक के अंदर से कोई आवाज या हलचल नहीं होने पर साथी मजदूर राजेश उसे देखने के लिए नीचे उतर गया। इसके बाद भी दोनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर वहां मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। हालांकि टैंक के अंदर जहरीली गैस होने के डर से कोई भी व्यक्ति नीचे उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

 

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों मजदूरों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेप्टिक टैंक नया बना था और उसकी सफाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। प्राथमिक आशंका यही जताई जा रही है कि टैंक के भीतर जहरीली गैस भरने से दोनों मजदूर बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

माल थाना प्रभारी नवाब अहमद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले रिंकू के परिवार में पत्नी हैं, जबकि राजेश अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

 

घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने को भी कहा गया है।

Explore Related Topics

लखनऊ सेप्टिक टैंक हादसा

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News