Ambedkar Nagar News: दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई को सुगम बनाने के उद्देश्य से अकबरपुर और जलालपुर शिक्षा क्षेत्रों में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के शिवबाबा स्थित कम्पोजिट विद्यालय तथा जलालपुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, दोनों शिक्षा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 308 लाभार्थियों के लिए 435 सहायक उपकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें अकबरपुर में 185 लाभार्थियों के लिए 258 उपकरण और जलालपुर में 123 लाभार्थियों के लिए 177 उपकरण शामिल हैं। उपकरणों में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, वॉकिंग स्टिक, रोलेटर, ब्रेल किट, टीएलएम किट, सुगम्य केन, कॉलर सर्वाइकल और कैलीपर सहित अन्य सहायक सामग्री शामिल है।
इन उपकरणों से दिव्यांग बच्चों को विद्यालय आने-जाने, पढ़ाई करने और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करना है। इस दौरान एबीएसए हिमांशु मिश्रा, किरण कुमारी, मनोज मिश्रा, अलकमा सहित अन्य शिक्षक एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें