BJP Gorakhpur Rally: ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा’ के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बार-बार लॉन्च करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इससे साबित होता है कि रॉकेट ही नहीं, कांग्रेस का लॉन्चिंग पैड भी खराब है।
नितिन नबीन ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को देश की जनता से ज्यादा उन तीन करोड़ घुसपैठियों की चिंता है, जिन्हें एसआईआर प्रक्रिया में बाहर किए जाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश की 140 करोड़ जनता पर भरोसा नहीं है, जबकि भाजपा ने अपने काम के दम पर जनता का विश्वास हासिल किया है। नितिन नबीन ने दावा किया कि इसी जनसमर्थन के आधार पर भाजपा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में फिर जीत दर्ज करेगी। समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर चुनाव में हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता अपनी चुनावी कमियों से सीखने के बजाय ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। नितिन नवीन के मुताबिक, चुनाव आयोग ने ईवीएम को लेकर खुली चुनौती दी थी, लेकिन विपक्षी नेता सामने नहीं आए। नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काम और मेहनत से जनता का विश्वास जीता है। देशभर में भाजपा और एनडीए की ओर से निकाली जा रही पदयात्राएं लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनभागीदारी का प्रतीक हैं।
उन्होंने दावा किया कि इन पदयात्राओं से विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र बचाने के अभियान में भागीदारी कर रही है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में निकली इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, एनडीए के सहयोगी दलों के नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा कचहरी चौराहा, इंदिरा बाल विहार तिराहा और गोलघर काली मंदिर होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल प्रतिमा तक पहुंची। पदयात्रा के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 18 जगहों में पार्टी नेताओं पर फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें