UP News: उत्तर प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शक्ति आराधना के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार मिशन शक्ति के तहत नवरात्र की सप्तमी, अष्टमी और नवमी तिथि यानी शनिवार से सोमवार तक चयनित किये गये 26 देवी मंदिरों में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएगी। इन कार्यक्रमों में पारंपरिक देवी गीतों का गायन और दुर्गा सप्तशती का पाठ होंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस बावत कहा कि शारदीय नवरात्र आस्था, शक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व है। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि धार्मिक आयोजन सामाजिक बदलाव का माध्यम बनें। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया जाए। नवरात्रि के अंतिम तीन दिनों तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पारंपरिक शैली में देवी गीत और दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा।
इन आयोजनों का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है। धार्मिक आस्था से जुड़े इन कार्यक्रमों के जरिए राज्य सरकार सामाजिक जागरूकता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाएगी। चयनित मंदिरों में स्थानीय कलाकारों को प्रतिभा दिखाने का भी अवसर मिलेगा। चयनित किये गये हर मंदिर में तीन कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस तरह कुल 78 कलाकारों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें महिला कलाकारों को विशेष मौका मिलेगा। लखनऊ के चंद्रिका देवी, संकटा देवी मंदिर, प्रयागराज के अलोपी देवी, ललिता देवी मंदिर में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
प्रदेश के विभिन्न जनपद में स्थित मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर (मीरजापुर), विशालाक्षी मंदिर (वाराणसी), देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुंभरी देवी मंदिर (सहारनपुर), कात्यायनी देवी मंदिर (मथुरा), मां तरकुलहा देवी धाम (गोरखपुर), चंद्रिका देवी मंदिर (लखनऊ), अलोपशंकरी देवी मंदिर (प्रयागराज), मां शीतला चैकिया धाम (जौनपुर), बेल्हा देवी मंदिर (प्रतापगढ़) और नैमिषारण्य स्थित ललिता देवी मंदिर सहित कुल 26 प्रमुख देवी मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें