Omar Abdullah Marriage: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। शनिवार को उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निधि राजदान के साथ अपनी तस्वीरें शेयर कर इस खबर की जानकारी दी। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा, 'कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई।' इसके बाद निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर अपनी शादी की जानकारी साझा की। दोनों की तस्वीरें सामने आने के बाद उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की शादी 30 अक्टूबर को श्रीनगर में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में हुई। शादी का कार्यक्रम निजी रखा गया था। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर की शाम दिल्ली में शादी का पहला रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद जम्मू और श्रीनगर में भी रिसेप्शन होने की खबर है। उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी पायल नाथ से हुई थी। दोनों की शादी 1 सितंबर 1994 को हुई थी। उनके दो बेटे भी हैं। लेकिन उमर और पायल लंबे समय से अलग रह रहे थे।
इस साल 31 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की आपसी सहमति के बाद उनकी शादी खत्म करने का आदेश दिया था। अदालत ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत यह फैसला सुनाया था। वहीं, निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार और टीवी एंकर रही हैं। वह लंबे समय तक एनडीटीवी से जुड़ी रहीं और कई चर्चित कार्यक्रमों की एंकरिंग की। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी अलग पहचान है।
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान को पिछले कुछ समय से कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ देखे जाने की खबरें भी सामने आती रही थीं। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर पहले सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी थी। अब शादी की तस्वीरें साझा कर दोनों ने अपने नए रिश्ते की जानकारी लोगों के साथ साझा की है। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरें चर्चा में हैं और लोग उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं और बधाइया दे रहे हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें