Lucknow Shiva Sharma Death Case: राजधानी लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अब मामले में आरोपी लिव इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर की संपत्तियों को चिह्नित कर रही है। पुलिस ने विभिन्न बैंकों से तीनों आरोपियों के खातों की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही रायबरेली समेत अन्य शहरों में श्रद्धा दुबे की संपत्तियों का ब्योरा भी एकत्रित किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कारोबारी शिवा शर्मा मौत मामले में श्रद्धा दुबे के फरार रहने के दौरान भारतीय स्टेट बैंक के एक खाते को फ्रीज कराया गया था। बताया जा रहा है कि खाते में लगभग छह लाख रुपये थे। सहारनपुर पुलिस ने भी एक अन्य बैंक खाते को फ्रीज कराया था। अब पुलिस संपत्तियों और अन्य बैंक खातों से जुड़ी संभी जानकारी इकट्ठा कर रही है। इसके अलावा इस मामले में पुलिस को आमिर सहित अन्य लोगों की भी तलाश है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को जेल भेजे जाने के बाद श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि को महिला जेल में रखा गया। वहीं उसके ड्राइवर तनवीर को अलग रखा गया। जेल भेजे जाने के चार दिन बाद श्रद्धा दुबे के वकील उनसे मुलाकात करने पहुंचे। कारागार के मुलाकाती कक्ष में बातचीत करायी गयी। इस दौरान वकील ने मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि मुलाकात कराये जाने के दौरान तनवीर बेहद भावुक हो गया था और रोने लगा।
इसके साथ ही पुलिस इस हफ्ते घटनास्थल पर जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराने की भी तैयारी कर रही है। क्राइम सीन रीक्रिएशन कराने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की ओर से मेडिकोलीगल और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बनायी जा रही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक प्रक्रिया से घटना की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों को समझने में मदद मिलेगी।
विदित हो कि बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने से कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत हो गई थी। शिवा शर्मा अलीगंज के कपूरथला क्षेत्र में रहते थे। बेटे की मौत के बाद मां रंजना ने श्रद्धा पर संगीन आरोप लगाए थे। उनकी शिकायत पर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करायी है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें