Jantar Mantar: देश की राजधानी दिल्ली में स्थित जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन का हल्ला अब खामोश हो जाएगा। काॅकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ही नहीं, अब कोई भी जंतर-मंतर पर किसी भी तरह का आंदोलन नहीं कर सकेगा। राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर सरकार ने सोमवार को बड़ा निर्णय लिया है। अब जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर कर दिया गया है।
जंतर-मंतर की जगह प्रदर्शन और धरना के लिए तीन नए स्थानों का निर्धारण कर दिया गया है। इनमें बुराड़ी मैदान, रामलीला मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं। सरकार के इस निर्णय के बाद अब निर्धारित किये गये जगहों पर ही प्रदर्शनकारियों को अपने कार्यक्रम करने होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक जगहों की पहचान करने के मकसद से एक समिति का गठन किया था। गठित की गयी समिति को प्रदर्शन और धरना देने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त जगह के चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
समिति की सिफारिशों के आधार पर ही यह फैसला किया गया है। इस निर्णय के तहत अब जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल घोषित करने वाली अधिसूचना रद्द कर दी गई। नए आदेश के तहत अब बुराड़ी मैदान, रामलीला मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। नए स्थलों पर विरोध प्रदर्शन करने की प्रक्रिया को स्पष्ट करने के लिए दिल्ली पुलिस विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया भी जल्द ही जारी कर देगी। एसओपी के तहत प्रदर्शन की अनुमति लेने समेत अन्य संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी होंगे।
यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी स्थायी आदेश संख्या एल एंड ओ/48/22 में आंशिक संशोधन के तहत जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि काफी लंबे समय से जंतर-मंतर से विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन होता रहा है। इसे जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद प्रदर्शनकारी दिये गये तीन नए जगहों में से किसी एक का चयन कर अपने कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। सरकार के इस निर्णय के बाद राजधानी दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की व्यवस्था में भी बदलाव होगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें