UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर जनपद में सोमवार को बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों को राहत देते हुए 9,18,091 किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 493 करोड़ रुपये हस्तांतरित किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संकट की हर घड़ी में अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है। फसल, मकान और पशुधन के नुकसान की भरपाई के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा में जिन लोगों के मकानों को क्षति पहुंची है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उन सभी 1.20 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि दी जा रही है। यह राशि फसल क्षति के लिए जारी 493 करोड़ रुपये से अलग है। इसके साथ ही आपदा के दौरान जिन लोगों के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये हैं, उन परिवारों को तत्काल आवास उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि जनहानि होने पर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के अंदर तत्काल चार लाख रुपये की मदद देने की व्यवस्था है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को मदद दी जा रही है। डीबीटी व्यवस्था से बिचैलियों की भूमिका भी खत्म हुई है। स्वीकृत राशि अब सीधे लाभार्थियों के खाते में हस्तांतरित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि मौजूदा सहायता से पहले भी आपदा से प्रभावित किसानों को राहत राशि दी जा चुकी है।
सीएम ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा करते हुए कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित जनपदों में 15 अक्टूबर से धान के साथ ही ज्वार, बाजरा और मक्का की खरीद के लिए क्रय केंद्र शुरू कर दिये जाएंगे। इसके साथ ही किसानों की उपज की खरीद और भुगतान की व्यवस्था की जाएगी और किसानों का भुगतान डीबीटी के माध्यम से खातों में भेजा जाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें