UPSSSC PET 2026: जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर PET-2026 की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों से कलावा उतरवाए गए, वहीं बाल खुलवाकर भी जांच की गई। दूसरी ओर, पुरुष अभ्यर्थियों के जूते, बेल्ट और रुमाल तक चेक किए गए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
जिले में प्रत्येक पाली में 9,816 परीक्षार्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी 23 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल के साथ सेक्टर, जोनल और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल और शौचालय सहित जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।
PET परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अकबरपुर, टांडा और जलालपुर में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात प्रभारी जेबी यादव के अनुसार, अकबरपुर नगर में भारी और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अयोध्या की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अन्नावां से श्रवण क्षेत्र मार्ग की ओर भेजा जाएगा, जबकि आजमगढ़ की तरफ से आने वाले वाहनों को न्यौतरिया बाईपास के रास्ते अयोध्या की ओर निकाला जाएगा। टांडा और जलालपुर में भी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस द्वारा डायवर्जन का पालन कराया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें