UP News: उत्तर प्रदेश के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में खुशियों की रकम पहुंची है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के बाद प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में कुल 4482.19 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। हर पात्र किसान को दो हजार रुपये की किस्त मिली है। त्योहार से ठीक पहले मिली इस आर्थिक मदद से किसानों को खेती और घर की जरूरतों को पूरा करने में सहारा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम भेजी गई। इसमें उत्तर प्रदेश के किसानों की भी बड़ी हिस्सेदारी रही।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवार को साल में 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह रकम दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। इस व्यवस्था से किसानों को खाद, बीज और खेती से जुड़ी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए कुछ आर्थिक मदद मिल जाती है। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से की थी। तब से अब तक बड़ी संख्या में किसान इससे लाभान्वित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीवाली से पहले किसानों के खातों में सम्मान निधि पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि किसानों की खुशहाली में गांवों की समृद्धि और गांवों की समृद्धि में देश की तरक्की छिपी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद भी दिया।
उत्तर प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक कुल 1,07,943.95 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसमें सबसे अधिक राशि 2021-22 में 15,775.52 करोड़ रुपये जारी की गई थी। वहीं 2024-25 में किसानों को 15,594.74 करोड़ रुपये मिले। वही, 24वीं किस्त के रूप में जारी 4482.19 करोड़ रुपये से एक बार फिर प्रदेश के करोड़ों किसान परिवारों को आर्थिक मदद मिली है। दिवाली से पहले खाते में पहुंची यह रकम किसानों के लिए त्योहार की तैयारियों के बीच बड़ी राहत लेकर आई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें