Azam Khan: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। रामपुर जिला कारागार से लगभग 11 माह बाद रिहा होने के महज 20 मिनट के अंदाज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट में आजम खान को पेश किया। कोर्ट में सुनवाई के बाद आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दे दिया गया। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें डासना जेल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ईडी की लखनऊ जोनल टीम ने शनिवार शाम रामपुर जिला कारागार से रिहा होते ही आजम खान को गिरफ्तार किया था। वह शाम 6.57 बजे कारागार से बाहर आए थे और लगभग 7.17 बजे ईडी टीम उनकी गिरफ्तारी कर ली। गिरफ्तारी के बाद आजम खान ईडी मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। रविवार को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेशी के दौरान सीआरपीएफ और पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि पूरा मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। ईडी मामले में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ जांच पड़ताल कर रही है। हाल ही में जांच एजेंसी ने रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी की लगभग 1170 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की थी। ईडी जांच में विश्वविद्यालय में 426.46 करोड़ रुपये की कथित काली कमाई खपाए जाने की बात उजागर हुई है।
ईडी ने रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 मुकदमों के आधार पर यह जांच शुरू की थी। जांच के दौरान वरिष्ठ नेता आजम खान, जौहर ट्रस्ट और अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर भी दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बीते 29 अक्टूबर को आजम खान की 10 साल की सजा निलंबित कर दी थी। इसके बाद शनिवार को आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल से रिहा हुए थे। हालांकि उनकी रिहाई ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी और ईडी की गिरफ्तारी ने उनकी मुश्किलें फिर बढ़ा दी हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें