UP ITI Admission 2026: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश का पांचवां चरण शुरू कर दिया गया है। चैथे चरण के बाद रिक्त रह गई सीटों पर अब पूर्व में आवेदन कर चुके गैर-चयनित अभ्यर्थियों के साथ नए ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवाओं को भी प्रवेश का मौका दिया जाएगा। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव और राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अभिषेक सिंह ने बताया कि रिक्त सीटों के आधार पर शैक्षिक योग्यता के मुताबिक मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर पांचवें चरण का रैंक कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद पूर्व पंजीकृत या नवीन आवेदक का विकल्प चुनकर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।
रैंक कार्ड डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थियों को उसका प्रिंट आउट निकालना होगा और फिर उस पर हस्ताक्षर अनिवार्य है। हस्ताक्षरित रैंक कार्ड 13 से 15 अक्टूबर तक संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय आईटीआई, विशेषकर नोडल संस्थान में जमा करना होगा। पांचवें चरण में प्रवेश के लिए चैथे चरण तक पंजीकृत अभ्यर्थियों के आवेदन पर विचार किया जाएगा। इसके बाद शेष बची हुई रिक्त सीटों पर नए ऑनलाइन आवेदनों को मेरिट के आधार पर ट्रेड आवंटित किए जाएंगे। जिला स्तर पर गठित की गयी चयन समिति 16 अक्टूबर तक चयनित अभ्यर्थियों की अनुमोदित लिस्ट तैयार कर देगी।
संबंधित संस्थानों के सूचना पट्ट पर चयन सूची भी प्रदर्शित की जाएगी। आईटीआई प्रधानाचार्यों को यह निर्देश दिया गया है कि प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों जैसे शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक अभिलेख की जांच जरूर कर ली जाए। सत्यापन पूरा होने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संस्थानों को सभी प्रवेशित अभ्यर्थियों का विवरण एससीवीटी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके लिए अंतिम समयसीमा 17 अक्टूबर की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें