Lucknow News: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की कैसरबाग कार्यशाला में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब समय पर वेतन न मिलने और कथित प्रताड़ना से नाराज कुछ चालक-परिचालकों ने खुद पर पेट्रोल डाल आग लगाने का प्रयास किया। चालक और परिचालकों को ऐसा करते देख वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में मौके पर मौजूद अन्य स्टाफ ने हस्तक्षेप करते हुए लोगों को बचा लिया।
आक्रोशित कर्मचारियों का आरोप है कि सहायक क्षेत्र प्रबंधक सतीश पाल लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि रूट से हटाने समेत कई अन्य तरीकों से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। साथ ही संविदा कर्मियों को समय पर वेतन न मिलने से भी नाराजगी बढ़ रही है। घटना के बाद कार्यशाला का गेट बंद कर दिया गया। कर्मचारियों के विरोध के चलते परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
कर्मचारियों की मांग है कि उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया जाए। साथ ही कथित प्रताड़ना तथा वेतन में देरी के मामले में उचित कार्रवाई की जाए। इसके अलावा कर्मचारियों ने कैसरबाग कार्यशाला में 2710 लीटर डीजल के कथित घोटाले का आरोप भी लगाया है। कर्मचारियों का दावा है कि संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी भी है, लेकिन इसके बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें