Ambedkar Nagar News: सुहाग की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखने वाले दिन ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बौरांव गांव की है, जहां एक साल के मासूम को रोता-बिलखता छोड़कर मां ने दुनिया को अलविदा कह दिया। घटना के बाद परिवार में चीत्कार मच गई।
जानकारी के अनुसार बौरांव गांव निवासी विकास कनौजिया की 27 वर्षीय पत्नी उसमा कनौजिया का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका का पति विकास हरियाणा में प्राइवेट नौकरी पर गया हुआ था। घटना की सूचना जैसे ही मायके पक्ष को मिली, मृतका के छोटे भाई सुरेश कनौजिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनकी बहन का शव फंदे से लटक रहा है। जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मृतका उसमा कनौजिया की शादी 20 अप्रैल 2024 को विकास कनौजिया के साथ हुई थी। शादी को अभी डेढ़ साल ही हुए थे। मृतका का एक वर्ष का मासूम बेटा रेयांश भी है, जो अब बिना मां के हो गया है। करवा चौथ जैसे पवित्र दिन पर हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। सूचना मिलते ही जहांगीरगंज थाने के उप निरीक्षक जेपी सिंह और क्षेत्र के डिप्टी एसपी जितेंद्र प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में डिप्टी एसपी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें