UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ कन्याओं के पांव छूकर तथा तिलक लगाकर विधि-विधान से पूजा की और आरती उतारी। इसके बाद कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई फिर उपहार व दक्षिणा दी। मुख्यमंत्री ने कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से भोजन परोसा।
कन्या पूजन का कार्यक्रम गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने पीतल के परात में एक-एक कर नौ कन्याओं के जल से पांव धोए। पांव धोने के बाद कन्याओं के माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया। उन्होंने फूल और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से भी कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने माला पहनाकर सभी कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर उपहार व दक्षिणा दिया।
मुख्यमंत्री ने कन्याओं और बटुकों को कन्या पूजन के बाद मंदिर की रसोई में तैयार भोजन को अपने हाथों से परोसा। बच्चों के भोजन करने के दौरान वह लगातार उनसे बातचीत करते रहे और थालियों में भोजन की व्यवस्था का ध्यान रखते नजर आए। मुख्यमंत्री ने मंदिर कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी बच्चे के भोजन में कमी न होने पाए। मंदिर परिसर में नौ कन्याओं के अलावा पूजन के लिए पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन किया गया। उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी।
भोजन के बाद सभी को उपहार और दक्षिणा दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्या पूजन से पहले सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की भी विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु-संत मौजूद रहे। कन्या पूजन के दौरान बालिकाओं और बटुकों में उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन कराया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें