UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से आए नेताओं का स्वागत किया। पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी, कुशाग्र शाक्य, विनोद शाक्य और बसपा से जुड़े राम बहादुर पाल समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि नए नेताओं के शामिल होने से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पार्टी को मजबूती मिलेगी। सपा मुखिया ने नए साथियों को पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया और कहा कि आने वाले समय में पार्टी की जीत बड़ी होगी। दारा सिंह प्रजापति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथ आने से संगठन को नई ताकत मिली। कांशीराम के विचारों पर सपा चल रही है।
सपा अध्यक्ष ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अवकाश देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म की जाएगी और सफाई कर्मचारियों के हित में विशेष कदम उठाए जाएंगे। अखिलेश यादव ने गरीब परिवारों को उनके घरों का मालिकाना हक दिलाने तथा जिनके पास आवास नहीं हैं, उनके लिए अलग से घर बनवाने की व्यवस्था करने की बात भी कही। सपा मुखिया ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह एक ही नाम की प्रविष्टियां अलग-अलग जिलों में सामने आ रही हैं। उन्होंने मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने और बूथ स्तर पर बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग की।
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरक्षण और टीजीटी भर्ती में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा उन्होंने सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने और भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता से हटाने के लिए मिलकर काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील की। पार्टी में नए नेताओं के शामिल होने को उन्होंने संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें