Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद के चरखारी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजभूषण राजपूत ने सरकारी बीज की कालाबाजारी का दावा किया है। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी सोनू यादव को किसानों के लिए आए निशुल्क चने के बीज की बोरियां पिकअप वाहन में लादकर ले जाते हुए पकड़ने का दावा किया। इस दौरान बीजेपी विधायक ने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ भी मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार में किसानों को वितरित करने के लिए आए सरकारी चने के बीज की करीब 100 बोरियां पिकअप वाहन में लादी गईं। आरोप है कि गोदाम प्रभारी सोनू यादव सहयोगियों के साथ बीज को अवैध रूप से ले जा रहा था। बीज के कालाबाजारी की सूचना मिलने पर बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन समेत बीज को पकड़ लिया।
विधायक ने जब गोदाम प्रभारी से बीज ले जाने के दस्तावेज के बारे में पूछा तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सोनू यादव विधायक के सवालों पर उन्हें गुमराह करने की कोशिश करता रहा। इसके बाद बीजेपी विधायक का गुस्सा आसमान पर पहुंच गया। विधायक ने नाराजगी जताते हुए सोनू यादव को थप्पड़ मार दिया। मामले की जानकारी मिलने पर उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
जांच के दौरान पिकअप वाहन से चना बीज की करीब 100 बोरियां बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि बरामद की गयी बोरियों की अनुमानित कीमत चार से पांच लाख रुपये है। प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ने चरखारी कोतवाली में गोदाम प्रभारी सोनू यादव और दो सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने पिकअप वाहन और बीज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें