Kanpur News: हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने पहले उन्हें कार से टक्कर मारी, फिर उन्हे बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं आरोपियो ने इंसानियत के सारी हदे पार दी और बीरू को कार की छत पर लिटाया और गलियों में घुमाते रहे। आरोप है कि उनके हाथों की अंगुलियां कार के शीशों में दबा दी गईं। बाद में सुनसान जगह पर कार से कुचलकर उनकी जान ले ली गई।
बीरू सिंह भदौरिया अर्रा इलाके के रहने वाले थे। मंगलवार रात वह दशहरे का मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हनुमंत विहार इलाके में उनके साथ यह घटना हुई। परिजनों के मुताबिक बीरू की कुछ दिन पहले आरोपियों से कहासुनी हुई थी। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। बीरू के पिता रामशंकर का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके बेटे को अकेला पाकर निशाना बनाया।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने बीरू को कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने बीरू को कार की छत पर पेट के बल लिटा दिया और उनके दोनों हाथों की अंगुलियां कार के दोनों तरफ के शीशों में दबा दीं। इसके बाद कार सवार तेज रफ्तार में गलियों से गुजरते रहे। आरोप है कि बीरू को कार की छत पर लेकर घूमने के बाद हमलावर उन्हें एक सुनसान जगह पर ले गए और कार से कुचल दिया।
परिजनों को जब बीरू के साथ हादसा होने की सूचना मिली, तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीरू को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बीरू के पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे। उनके हाथों की अंगुलियां भी बुरी तरह कुचली हुई थीं। परिवार का आरोप है कि घटना को सामान्य सड़क हादसा मानने के बजाय हत्या के आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए थी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ठीक से नहीं खंगाली ना मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस की लापरवाही देखते हुए परिवार ने खुद कैमरों की फुटेज तलाश की और पुलिस को सौंपी। परिजनों ने आरोपियों के नाम भी पुलिस को बताए। दावा है कि करीब दो दर्जन सीसीटीवी कैमरों में कार सवारों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में कार तेज रफ्तार से गलियों में जाती दिखाई दे रही है। कार की छत पर एक युवक भी नजर आ रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें