Ambedkar Nagar News: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए अंबेडकरनगर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के नौ विकासखंडों में प्रस्तावित मतदान को देखते हुए पुलिस विभाग सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मतदान ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव ड्यूटी के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। एसपी ने निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और मुस्तैदी के साथ करें, ताकि मतदाताओं को सुरक्षित माहौल मिल सके और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए। उन्होंने पुलिस बल को आपसी समन्वय बनाए रखने और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार समेत अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें