Ambedkar Nagar News: जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। दहीपुर गांव में डीएम आवास के बगल स्थित एक मोबाइल की दुकान के अंदर 35 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रणविजय वर्मा पुत्र रामप्रकाश निवासी दहीपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मोबाइल की दुकान के अंदर युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अरिया चौकी प्रभारी आलोक शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रणविजय किन परिस्थितियों में दुकान के अंदर पहुंचे और उनकी मौत किन कारणों से हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें