UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा। सरदार पटेल की विरासत को सुरक्षित रखना और राष्ट्रीय एकात्मता बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है।
इस मौके पर सीएम ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ को जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘रन फॉर यूनिटी’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि दौड़ का हर कदम देश की एकता, अखंडता और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के संकल्प का प्रतीक होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की प्रेरणादायक मिसाल है।
सरदार पटेल ने यह संदेश दिया था कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता ही होती है और यह एकता तभी ज्यादा मजबूत होती है, जब हर नागरिक के मन में राष्ट्र प्रथम की भावना हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। सीएम योगी ने कहा कि राज्य में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया। इससे सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना प्रभावित हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी की डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का प्रयास किया है। राज्य सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और राष्ट्र प्रथम के मंत्र को सुशासन का आधार बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन के जरिए सामाजिक समरसता को मजबूत कर रही है। सरदार पटेल के आदर्शों को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ना समय की जरूरी है। राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन का हिस्सा होनी चाहिए।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें