UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस बल को 4543 नए उपनिरीक्षक मिल गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए सरकार का आभार जताया। युवाओं ने कहा कि आवेदन शुल्क के अलावा भर्ती के किसी भी चरण में उन्हें एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ा।
बदायूं निवासी प्रशांत कुमार का चयन उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें सफलता मिल गई। उन्होंने कहा कि पहले भर्तियों में अनियमितताओं की शिकायतें सुनने को मिलती थीं, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता देखने को मिली है। वहीं चयनित अभ्यर्थी सुमित शर्मा ने बताया कि वह वर्ष 2022 से तैयारी कर रहे थे। पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय में और पारदर्शी तरीके से पूरी हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस सेवा में आने के बाद किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
नवनियुक्त उपनिरीक्षक शिवी शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल से वह इस भर्ती की तैयारी कर रही थीं। दीपावली से पहले नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए महालक्ष्मी के आशीर्वाद जैसा है। धनतेरस के दिन मिली सफलता से परिवार में खुशियों का माहौल है। उन्होंने कहा कि जब नौकरी पाने के लिए रिश्वत नहीं देनी पड़ी, तो वह भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
बरेली निवासी उदयवीर सिंह कठेरिया सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अब उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक बने हैं। उन्होंने निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को अपनी सफलता का प्रमुख आधार बताया। मुजफ्फरनगर निवासी अंशु चौधरी ने भी कहा कि महज एक साल में भर्ती प्रक्रिया पूरी होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली सीख के आधार पर ईमानदारी से काम करने का संकल्प लिया। बरेली निवासी राजा बाबू ने बताया कि पुलिस में भर्ती होने का सपना उन्होंने बचपन से देखा था, जो अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन शुल्क के अलावा किसी भी स्तर पर अतिरिक्त पैसा नहीं देना पड़ा। अब उनकी कोशिश होगी कि गरीब, शोषित और वंचित लोगों को न्याय दिला सकें।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें