Hardoi Road Accident: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में धनतेरस के पावन दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास शुक्रवार को कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गयी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा में रहने वो रमेश कुमार (35) वर्तमान में चांद बेहटा में रह रहे थे। वह हरियाणा के गुरुग्राम में नौकरी करते थे। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए शुक्रवार को रमेश अपनी पत्नी नीलम (32), तीन माह के मासूम बच्चे और साथी आदित्य कुमार के साथ कार से गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास पहुंचते ही कार से चालक को नियंत्रण हट गया जिसके बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में रमेश कुमार, उनकी पत्नी नीलम और तीन माह के मासूम की जान चली गयी। घटना की जानकारी होते मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।
हादसे में एक पूरा परिवार खत्म हो गया। घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां एक साथ तीन मौतों से मातम पसर गया। परिजनों की खुशियां गहरे दुख में बदल गईं। हादसे के संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप ने बताया कि हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल हरदोई जिले की सीमा में होने के कारण मामले की जांच हरदोई पुलिस द्वारा की जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें